India
असम में बाढ़ से बिगड़े हालात, CM साय ने हिमंत बिस्वा सरमा से की बात; 5 करोड़ की सहायता का ऐलान
August 9, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा की. उन्होंने इस कठिन समय में असम के लोगों के साथ छत्तीसगढ़ की जनता की प्रतिबद्धता जताते हुए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की बात कही.
बता दें कि असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है. राज्य में इस साल बाढ़ से मरने वाले लोगों की संख्या 99 हो चुकी है, वहीं 1 लाख 47 हजार से ज्यादा लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं. कई इलाकों में घर और सड़कें जलमग्न हो चुके हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोग अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं I
असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, गोलाघाट जिले में एक और व्यक्ति की मौत हुई है, जिससे इस साल बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 99 पहुंच गई है. राज्य के 12 जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं, जिसमें सोनितपुर, नगांव, गोलाघाट, शिवसागर, होजाई, दरांग, जोरहाट, धेमाजी, चराईदेव, कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर और बिस्वनाथ शामिल हैं I
गोलाघाट सबसे ज्यादा प्रभावित
आंकड़ों के मुताबिक, बाढ़ की सबसे ज्यादा मार गोलाघाट में देखने को मिली है. जहां 61,735 लोग प्रभावित हैं. इसके बाद शिवसागर में 43,492 और जोरहाट में 24,283 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. हालांकि, शुक्रवार के मुकाबले प्रभावित लोगों की संख्या में कमी जरूर आई है. शुक्रवार को 13 जिले बाढ़ की चपेट में थे, और प्रभावित आबादी 1.55 लाख से ज्यादा थी I