India
सदर बाजार को शिफ्ट नहीं करेगी सरकार, CM रेखा गुप्ता ने किया साफ इनकार
July 8, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
दिल्ली के ऐतिहासिक और देश के सबसे बड़े थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के पास सदर बाजार को शिफ्ट करने का न तो कोई प्रस्ताव है और न ही इस दिशा में कोई योजना बनाई जा रही है। हाल के दिनों में फैली अफवाहों के कारण व्यापारियों के बीच असमंजस और चिंता का माहौल बन गया था, जिसे मुख्यमंत्री के बयान से काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने सदर बाजार के विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार बाजार की ऐतिहासिक पहचान और व्यापारिक महत्व को बनाए रखते हुए उसके विकास पर ध्यान दे रही है। व्यापारियों ने बैठक में जलभराव, ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, बिजली व्यवस्था और पुराने बुनियादी ढांचे जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान की दिशा में काम करने का भरोसा दिया।
बैठक में बाजार की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए अंडरग्राउंड वायरिंग और बाड़ा हिंदूराव से तेलीवाड़ा तक ड्रेनेज सिस्टम का तकनीकी आकलन कराने पर भी चर्चा हुई, ताकि बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
मुख्यमंत्री ने व्यापारी संगठनों से बाजार के विकास और सौंदर्यीकरण का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसमें जलनिकासी, ट्रैफिक प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने, महिलाओं के लिए शौचालय, सफाई व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के आधुनिकीकरण जैसे मुद्दों को शामिल किया जाए। रेखा गुप्ता ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य सदर बाजार को हटाना नहीं, बल्कि उसकी विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है, ताकि व्यापारिक गतिविधियां बिना बाधा के और बेहतर तरीके से संचालित हो सकें।