India
ईडी का टीएमसी पर बड़ा एक्शन, 440 करोड़ वाले 3 बैंक खाते फ्रीज
July 8, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई करते हुए टीएमसी से जुड़े तीन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इन खातों में करीब 440 करोड़ रुपये जमा बताए जा रहे हैं। एजेंसी फिलहाल इन खातों से जुड़े वित्तीय लेन-देन और चार्टर्ड विमान तथा हेलीकॉप्टर खरीद में धन के इस्तेमाल की जांच कर रही है।
इस मामले में ईडी ने हाल ही में कोलकाता के कई ठिकानों पर छापेमारी भी की। जांच के दायरे में केयरवेल ग्रुप ऑफ कंपनीज और उसकी सहयोगी कंपनी केयरवेल एविएशन भी शामिल हैं, जो प्राइवेट जेट और हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध कराती है। एजेंसी का उद्देश्य यह पता लगाना है कि पार्टी के खातों से निकली रकम का इस्तेमाल किस तरह किया गया और धन का पूरा प्रवाह (मनी ट्रेल) क्या रहा।
जांच में सामने आया है कि अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच टीएमसी के खातों से लगभग 160 करोड़ रुपये केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों को ट्रांसफर किए गए। इसके बाद इन कंपनियों के जरिए धनराशि आगे भेजी गई। ईडी का दावा है कि इसी वित्तीय श्रृंखला के माध्यम से करीब 112 करोड़ रुपये का इस्तेमाल Embraer Legacy 600 कॉरपोरेट विमान और AgustaWestland 109SP हेलीकॉप्टर की खरीद में किया गया। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि इन संपत्तियों की खरीद में विदेश से आए धन का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।
ईडी का कहना है कि शुरुआती जांच में कई वित्तीय लेन-देन संदिग्ध प्रतीत हुए हैं और वास्तविक लाभार्थियों की पहचान छिपाने के लिए कंपनियों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। यह मामला पहले टीएमसी के अंदर उठे विवाद के बाद सामने आया था, जब पार्टी के कुछ बागी विधायकों ने फंड के स्रोत की जांच की मांग की थी। अब ईडी की कार्रवाई के बाद इस पूरे मामले की जांच और तेज हो गई है।