Tuesday, July 7, 2026
English edition

World

ढाका के पास शेख हसीना विरोधी रैली में धमाका, 3 लोग हुए घायल

July 7, 2026 Source: Bharat Pulse Media

ढाका के पास शेख हसीना विरोधी रैली में धमाका, 3 लोग हुए घायल

Share this article

बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक तनाव और हिंसा देखने को मिली है। राजधानी ढाका के पास स्थित सावर में नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) की एक रैली के दौरान हुए बम धमाके में कम से कम तीन लोगों के घायल होने की खबर है। यह रैली उन छात्र नेताओं की अगुवाई में आयोजित की गई थी, जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:45 बजे सावर थाना स्टैंड के पास ईदगाह मैदान में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। NCP ने अपने आधिकारिक बयान में आरोप लगाया कि उनकी रैली को निशाना बनाकर आतंकवादियों ने यह हमला किया। पार्टी का कहना है कि यह एक सुनियोजित हमला था, जिसका उद्देश्य उनके शांतिपूर्ण कार्यक्रम को बाधित करना था। बताया जा रहा है कि यह रैली ‘जुलाई मार्च’ अभियान का हिस्सा थी। इस अभियान के तहत छात्र संगठन जनमत संग्रह लागू करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने, बिजली संकट का समाधान, बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने जैसी मांगों को लेकर देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं। यह मार्च शेख हसीना विरोधी छात्र आंदोलन की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया था। गौरतलब है कि इससे पहले 17 अप्रैल 2026 को भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा था कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण से जुड़े औपचारिक अनुरोध की समीक्षा न्यायिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है। ऐसे समय में सावर में हुआ यह धमाका बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर रहा है।