Tuesday, June 30, 2026
English edition

India

Arunachal Assam Flood News: पूर्वोत्तर में बारिश का कहर, अरुणाचल में 3 की मौत, असम के 257 गांव बाढ़ में डूबे

June 30, 2026 Source: Bharat Pulse Media

Arunachal Assam Flood News: पूर्वोत्तर में बारिश का कहर, अरुणाचल में 3 की मौत, असम के 257 गांव बाढ़ में डूबे

Share this article

पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही भारी बारिश ने अरुणाचल प्रदेश और असम में हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अरुणाचल प्रदेश के 12 जिले प्रभावित हुए हैं, जबकि असम के 5 जिलों में करीब 45 हजार लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं। स्थिति को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत कर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। वहीं, भारतीय वायुसेना भी राहत और बचाव अभियान में सक्रिय रूप से जुटी हुई है। अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। केयी पान्योर जिले में तेज बहाव में लापता हुए पांच लोगों में से तीन के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो लोगों की तलाश जारी है। लोअर दिबांग वैली में सिसिरी नदी में फंसे चार लोगों को वायुसेना ने सुरक्षित बचाया। लगातार बारिश से कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। असम में बाढ़ का सबसे अधिक असर धेमाजी जिले में देखने को मिल रहा है। राज्य के 257 गांव जलमग्न हैं और 45 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि पानी में डूब गई है, जबकि बड़ी संख्या में मवेशी भी प्रभावित हुए हैं। सिमेन और केमी नदियों पर बने दो प्रमुख पुल बह जाने से रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सरकार लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों के पास न जाने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। पूरे क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।