Wednesday, July 1, 2026
English edition

World

शोएब अख्तर के भाई के जनाजे में दिखे लश्कर के आतंकी, सैफुल्लाह कसूरी की मौजूदगी से मचा बवाल

June 27, 2026 Source: Bharat Pulse Media

शोएब अख्तर के भाई के जनाजे में दिखे लश्कर के आतंकी, सैफुल्लाह कसूरी की मौजूदगी से मचा बवाल

Share this article

**Lashkar Terrorist Attends Shoaib Akhtar Brother Funeral:** पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि उनके बड़े भाई शाहिद अख्तर के जनाजे का एक वायरल वीडियो है। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अंतिम संस्कार में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और उससे जुड़े संगठन पाकिस्तान मरकज़ी मुस्लिम लीग (PMML) के कई सदस्य और नेता मौजूद थे। वीडियो के वायरल होने के बाद पाकिस्तान पर आतंकवाद को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, शोएब अख्तर के बड़े भाई शाहिद अख्तर का 24 जून को निधन हुआ था। उन्हें इस्लामाबाद के H-8 कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिनमें कथित तौर पर लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी, पाकिस्तान मरकज़ी मुस्लिम लीग के अध्यक्ष इनाम-उर-रहमान और अन्य कई चेहरे भी दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शोएब अख्तर भी जनाजे में मौजूद नजर आ रहे हैं। सबसे अधिक चर्चा सैफुल्लाह कसूरी की मौजूदगी को लेकर हो रही है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उसे वर्ष 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड मानती हैं। इस हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी। इसके अलावा वीडियो में 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के बेटे तलहा सईद समेत लश्कर से जुड़े अन्य लोगों के होने का भी दावा किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि इसे पाकिस्तान मरकज़ी मुस्लिम लीग से जुड़े आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया गया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बावजूद इसके, वीडियो के सामने आने के बाद पाकिस्तान और आतंकी संगठनों के कथित संबंधों को लेकर बहस तेज हो गई है और यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।