India
बेटी पर हत्या का आरोप, सदमे में पिता बोले- अगर सिया दोषी है तो उसी किले से फेंक दो
June 26, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर लोहागढ़ किले में हत्या करने का आरोप है। अब इस मामले में पहली बार सिया गोयल के माता-पिता ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती सिया के पिता प्रवीण गोयल ने बेहद भावुक बयान देते हुए कहा कि अगर उनकी बेटी इस अपराध में दोषी साबित होती है, तो उसे भी किसी तरह की रियायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसने भी केतन की हत्या की है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह उनकी अपनी बेटी ही क्यों न हो। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर सिया दोषी है, तो उसे भी उसी किले से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
सिया की मां ने भी अदालत से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिवार का कहना है कि केतन उनके लिए बेटे जैसा था और आज भी उन्हें इस दर्दनाक घटना पर यकीन नहीं हो रहा।
प्रवीण गोयल ने कहा कि अग्रवाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इससे ज्यादा दुखद घटना कोई नहीं हो सकती। उन्होंने बताया कि दोनों की शादी को लेकर परिवार बेहद उत्साहित था और भविष्य के कई सपने देखे थे।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अब तक विश्वास नहीं हो रहा कि उनकी 19 वर्षीय बेटी ऐसा कदम उठा सकती है। उनके अनुसार, उन्होंने कभी चेतन चौधरी को नहीं देखा, न उससे कोई बातचीत हुई और न ही पहले उसका नाम सुना था। उन्होंने अंत में कहा कि केतन का परिवार बेहद संस्कारी और सम्मानित है तथा इस घटना से उन्होंने एक बेटे और वर्षों पुराना पारिवारिक रिश्ता दोनों खो दिया है।