Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की मांग, अमित शाह से मिले सीएम साय

June 24, 2026 Source: Bharat Pulse Media

छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की मांग, अमित शाह से मिले सीएम साय

Share this article

नई दिल्ली में बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव रखते हुए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई दिल्ली और गोवा के पणजी में संचालित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान आज आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और शिक्षा के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह का संस्थान स्थापित किया जाना राज्य और पूरे मध्य भारत के लिए लाभकारी साबित होगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों से समृद्ध प्रदेश है। राज्य के वन क्षेत्रों में कई दुर्लभ औषधीय वनस्पतियां पाई जाती हैं, जबकि जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान की समृद्ध विरासत मौजूद है। ऐसे संसाधनों के कारण यहां आयुर्वेद अनुसंधान और चिकित्सा के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान की स्थापना से प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही युवाओं को आयुर्वेद शिक्षा, शोध और प्रशिक्षण के नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य स्वास्थ्य एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा। साय ने केंद्रीय बजट 2026 में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की घोषणा का उल्लेख करते हुए इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को देने का अनुरोध किया। बैठक में उन्होंने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के विकास प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।