Politics
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद इंडिया ब्लॉक में बढ़ी तकरार, एकजुटता पर जोर...
June 23, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दलों के बीच तनाव खुलकर सामने आ गया है। चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस नेताओं की ओर से क्रॉस वोटिंग के आरोप लगाए जाने पर महागठबंधन के कई घटक दलों ने नाराजगी जताई है। हालांकि बढ़ते विवाद और विपक्षी दलों को फायदा पहुंचने की आशंका के बीच अब सभी दल गठबंधन की एकता बनाए रखने की बात कर रहे हैं।
कांग्रेस ने अपने सहयोगियों से संयम बरतने की अपील करते हुए सार्वजनिक बयानबाजी से बचने का आग्रह किया है। वहीं भाकपा माले (लिबरेशन) ने कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों को दुर्भावनापूर्ण और तथ्यहीन बताते हुए खारिज कर दिया है। पार्टी के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से हस्तक्षेप की मांग की है।
सूत्रों के मुताबिक, आरजेडी और माले के कुछ विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने से कांग्रेस उम्मीदवार को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका। 28 वोटों की उम्मीद लगाए बैठे प्रणव झा को केवल 20 वोट मिले, जबकि एनडीए समर्थित उम्मीदवार नाथवानी को अनुमान से अधिक 28 वोट हासिल हुए और उन्होंने जीत दर्ज कर ली।
कांग्रेस इस बात से भी नाराज बताई जा रही है कि चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नाथवानी को बधाई दी, लेकिन गठबंधन की हार पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। शुरुआती दौर में कांग्रेस नेताओं की ओर से तीखे आरोप लगाए गए थे, लेकिन अब महागठबंधन के सभी दलों के बीच रिश्तों को सामान्य करने और इंडिया ब्लॉक की एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।