Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

मोदी सरकार के मंत्री जॉर्ज कुरियन ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने तुरंत किया मंजूर, जानें वजह...

June 23, 2026 Source: Bharat Pulse Media

मोदी सरकार के मंत्री जॉर्ज कुरियन ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने तुरंत किया मंजूर, जानें वजह...

Share this article

केंद्र सरकार में राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। जॉर्ज कुरियन अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दरअसल, जॉर्ज कुरियन का राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो गया था। हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें दोबारा मौका नहीं दिया, जिसके बाद उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा। कार्यकाल समाप्त होने के अगले ही दिन उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया। केरल बीजेपी के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन मोदी सरकार में ईसाई समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र मंत्री थे। उन्हें राज्य चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा में भेजा गया था। उन्होंने 9 जून 2024 को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी और 11 जून 2024 से मंत्रालयों का कार्यभार संभाल रहे थे। 20 सितंबर 1960 को केरल के कोट्टायम जिले में जन्मे जॉर्ज कुरियन पेशे से वकील भी रहे हैं और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस कर चुके हैं। इससे पहले वे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ओ. राजगोपाल के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के रूप में भी काम कर चुके हैं। गौरतलब है कि मोदी सरकार के दो मंत्रियों, जॉर्ज कुरियन और रवनीत सिंह बिट्टू, का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो चुका है। हालांकि जॉर्ज कुरियन ने इस्तीफा दे दिया है, जबकि रवनीत सिंह बिट्टू अभी भी मंत्री पद पर बने हुए हैं।