India
दिल्ली की वाल्मीकि बस्ती में भीषण आग, 30 झुग्गियां जलकर खाक; 24 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू...
June 23, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
राजधानी दिल्ली के तकिया काले खान इलाके स्थित वाल्मीकि बस्ती में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित इस झुग्गी बस्ती में आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 30 झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
दिल्ली फायर सर्विस को रात करीब 11:22 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर 7 से 8 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य के लिए कुल 24 फायर टेंडर तैनात किए गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर मुकेश वर्मा के मुताबिक, आग प्रभावित इलाके में रिहायशी झुग्गियों के अलावा स्टोरेज एरिया भी मौजूद थे, जहां बड़ी मात्रा में प्लाईवुड, लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी कारण आग तेजी से फैल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इधर, राजधानी में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बाद दिल्ली फायर सर्विस ने अग्नि सुरक्षा नियमों को और सख्त कर दिया है। हाल ही में जारी एक नोटिस में 11 श्रेणियों की इमारतों के लिए फायर सेफ्टी मानकों का पालन और फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसे बड़े हादसों को रोका जा सके।