Wednesday, July 1, 2026
English edition

World

कतर के गैस एक्सपोर्ट टर्मिनल में बड़ा धमाका, 54 घायल; 18 लोग लापता...

June 22, 2026 Source: Bharat Pulse Media

कतर के गैस एक्सपोर्ट टर्मिनल में बड़ा धमाका, 54 घायल; 18 लोग लापता...

Share this article

कतर से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। रविवार रात रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित देश के प्रमुख प्राकृतिक गैस निर्यात केंद्र में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 54 लोग घायल हो गए हैं, जबकि कई घंटों बाद भी 18 लोगों के लापता होने की सूचना है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह दुर्घटना ‘बरजान’ गैस सप्लाई प्लांट में उस समय हुई, जब कर्मचारी बंद पड़े टर्मिनल को दोबारा चालू करने के काम में जुटे थे। हादसे के बाद कतर के गृह मंत्रालय ने लापता लोगों की तलाश के लिए कतरी इंटरनेशनल सर्च एंड रेस्क्यू ग्रुप को तैनात किया है। बताया जा रहा है कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावित होने के कारण कतर को अपने गैस निर्यात कार्यों को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। हाल के दिनों में क्षेत्र में तनाव कम होने और युद्धविराम की उम्मीदों के बीच देश ने अपने महत्वपूर्ण गैस निर्यात टर्मिनल को फिर से शुरू करने की कोशिश शुरू की थी, लेकिन इसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया। सरकारी कंपनी ‘कतरएनर्जी’ के अनुसार, विस्फोट के बाद प्लांट में आग लग गई, जिस पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। उल्लेखनीय है कि मार्च में भी रास लाफान क्षेत्र में एक ईरानी मिसाइल के गिरने से भारी नुकसान हुआ था। दुनिया के प्रमुख प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल कतर के इस महत्वपूर्ण टर्मिनल में हुई घटना का असर वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर भी पड़ सकता है और इससे गैस आपूर्ति को लेकर नई चिंताएं पैदा हो सकती हैं।