Saturday, July 11, 2026
English edition

Sports

FIFA WC 2026 : स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से रौंदा, यामाल ने तोड़ा मेसी का रिकॉर्ड, केप वर्डे का बड़ा उलटफेर...

June 22, 2026 Source: Bharat Pulse Media

FIFA WC 2026 : स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से रौंदा, यामाल ने तोड़ा मेसी का रिकॉर्ड, केप वर्डे का बड़ा उलटफेर...

Share this article

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को ग्रुप-जी और ग्रुप-एच के मुकाबले खेले गए, जिसमें स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। अटलांटा में खेले गए इस मैच में 18 वर्षीय स्टार खिलाड़ी लामिन यामाल ने 10वें मिनट में गोल कर स्पेन को बढ़त दिलाई। इसके बाद माइकेल ओयरजाबल ने 21वें और 24वें मिनट में लगातार दो गोल दागे, जबकि चौथा गोल सऊदी अरब के खिलाड़ी अलतमबक्ती के आत्मघाती गोल की बदौलत मिला। इस मुकाबले के साथ ही यामाल ने विश्व कप में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह विश्व कप में मैच का पहला गोल करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए और इस मामले में उन्होंने लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ दिया। यामाल और गावी अब विश्व कप में 18 वर्ष या उससे कम उम्र में गोल करने वाले स्पेन के दो खिलाड़ी बन चुके हैं। वहीं, केप वर्डे ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए मजबूत मानी जाने वाली उरुग्वे की टीम को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और आखिर में केप वर्डे ने वापसी करते हुए मुकाबला ड्रॉ करा दिया। ग्रुप-जी के एक अन्य मुकाबले में ईरान और बेल्जियम के बीच खेला गया मैच गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। बेल्जियम को 66वें मिनट में रेड कार्ड मिलने के बाद 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद टीम ने मुकाबला ड्रॉ कराने में सफलता हासिल की। इस परिणाम के बाद ग्रुप-जी में न्यूजीलैंड शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि ईरान और बेल्जियम के खाते में दो-दो अंक हैं।