Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

दिल्ली की मंडोली जेल में 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, अंडरट्रायल कैदियों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया...

June 22, 2026 Source: Bharat Pulse Media

दिल्ली की मंडोली जेल में 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, अंडरट्रायल कैदियों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया...

Share this article

दिल्ली की मंडोली जेल नंबर-13 एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। यहां बंद कुछ अंडरट्रायल कैदियों ने जेल के अंदर रंगदारी वसूली, मारपीट और नशीले पदार्थों के कारोबार जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। कैदियों का कहना है कि उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर दूसरे कैदियों के जरिए उनकी पिटाई कराई गई। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अपने वकीलों से मिलने तक की अनुमति नहीं दी गई। जानकारी के मुताबिक, मंडोली जेल में बंद वाजिद उर्फ मट्टू, अल्ताफ चौधरी, विकास समेत 4-5 अंडरट्रायल कैदियों ने इन मामलों को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि जेल के कुछ कर्मचारियों और कुछ कैदियों की मिलीभगत से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जिन स्थानों पर कथित तौर पर ये गतिविधियां होती हैं, वहां CCTV कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था कमजोर पड़ जाती है। एक अंडरट्रायल कैदी के वकील नीरज कुमार ने इस मामले में एडिशनल सेशन जज बबरू भान की अदालत में लिखित शिकायत दाखिल की है। इसके अलावा कैदियों ने दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, गृह मंत्रालय और जेल प्रशासन को भी शिकायत भेजी है। गौरतलब है कि मंडोली जेल नंबर-12 और 13 पहले भी विवादों में रह चुकी हैं। साल 2022 में हुई छापेमारी के दौरान कई मोबाइल फोन और देसी चाकू बरामद हुए थे, जिसके बाद जेल के अंदर से रंगदारी रैकेट चलने के आरोप सामने आए थे। हाल के महीनों में भी जेल के भीतर हिंसक झड़पों और हमलों की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।