Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

NEET-UG री-एग्जाम आज: 23 लाख से ज्यादा छात्र देंगे परीक्षा, 564 शहरों में 5400 सेंटर; NTA की बड़ी चुनौती...

June 21, 2026 Source: Bharat Pulse Media

NEET-UG री-एग्जाम आज: 23 लाख से ज्यादा छात्र देंगे परीक्षा, 564 शहरों में 5400 सेंटर; NTA की बड़ी चुनौती...

Share this article

पेपर लीक विवाद के बाद आज देशभर में NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस री-एग्जाम में भारत और विदेश के केंद्रों को मिलाकर करीब 22.79 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। इसे केवल छात्रों की परीक्षा ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की विश्वसनीयता की भी बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। परीक्षा के लिए भारत के 551 और विदेश के 12 शहरों समेत कुल 564 शहरों में 5400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। पहली बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई के लिए भारतीय वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों की मदद ली गई है। करीब 1,500 बैंक शाखाओं में भी गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए अधिकारियों की तैनाती की गई है। NTA ने इस बार परीक्षा की अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी और शाम 5:15 बजे तक चलेगी, जबकि PwD और PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी और कंट्रोल रूम से इसकी लाइव मॉनिटरिंग होगी। प्रश्नपत्रों की GPS ट्रैकिंग भी की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित की जा रही है और इसके लिए 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्ष तैयार किए गए हैं। NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। गौरतलब है कि 3 मई 2026 को हुई NEET-UG परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दी गई थी, जिसकी जांच फिलहाल CBI कर रही है।