Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

TMC को एक और बड़ा झटका! ममता बनर्जी के करीबी ज्योतिप्रिय मलिक ने दिया इस्तीफा, बताई ये वजह...

June 19, 2026 Source: Bharat Pulse Media

TMC को एक और बड़ा झटका! ममता बनर्जी के करीबी ज्योतिप्रिय मलिक ने दिया इस्तीफा, बताई ये वजह...

Share this article

पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए संगठन के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बताया कि अपने स्वास्थ्य की वजह से अब पार्टी की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना उनके लिए संभव नहीं रह गया है। इस फैसले की जानकारी उन्होंने पहले ही पार्टी नेतृत्व को दे दी थी। ममता बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले ज्योतिप्रिय मलिक लंबे समय से टीएमसी के अहम चेहरों में शामिल रहे हैं। हाल ही में पार्टी में हुए बड़े संगठनात्मक फेरबदल के दौरान उन्हें नई कार्यसमिति में भी जगह दी गई थी, लेकिन लगातार बिगड़ती सेहत के कारण उन्होंने सक्रिय जिम्मेदारियों से खुद को अलग करने का फैसला किया। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व को भेजे गए पत्र में मलिक ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं का जिक्र किया है। बताया जा रहा है कि उनका ब्लड शुगर स्तर काफी बढ़ गया है और वे किडनी से जुड़ी गंभीर परेशानियों का भी सामना कर रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहना उनके लिए मुश्किल हो गया था। गौरतलब है कि ज्योतिप्रिय मलिक 2011 से 2021 तक पश्चिम बंगाल सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रहे थे। हालांकि, 2023 में कथित राशन घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी के बाद उनकी राजनीतिक मुश्किलें बढ़ गई थीं। उनके इस्तीफे के बाद बंगाल की राजनीति में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। टीएमसी के शुरुआती दौर से ममता बनर्जी के साथ जुड़े रहे मलिक के इस कदम को राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है।