Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

CBI Raid: PNB के ₹191 करोड़ घोटाले में बंगाल के 8 ठिकानों पर सीबीआई का छापा...

June 19, 2026 Source: Bharat Pulse Media

CBI Raid: PNB के ₹191 करोड़ घोटाले में बंगाल के 8 ठिकानों पर सीबीआई का छापा...

Share this article

कोलकाता। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से जुड़े करीब 191 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने कोलकाता समेत आठ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई तीन अलग-अलग बैंक धोखाधड़ी मामलों के संबंध में की गई, जिनमें मेसर्स तांतिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड, मेसर्स ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड और मेसर्स अमृत फीड्स लिमिटेड के नाम शामिल हैं। सीबीआई ने तांतिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड और ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड के निदेशकों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली। इस दौरान जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के अनुसार, तांतिया कंस्ट्रक्शन पर आरोप है कि उसने बैंक से मिली कैश क्रेडिट और टर्म लोन सुविधाओं का निर्धारित उद्देश्य के बजाय अन्य कामों में इस्तेमाल किया। साथ ही कंपनी ने ऋणदाताओं की अनुमति के बिना अपनी कुछ संपत्तियां भी बेच दीं, जिससे बैंक को भारी वित्तीय नुकसान हुआ। वहीं, ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड पर भी बैंक से प्राप्त धनराशि के दुरुपयोग और उससे जुड़े फंड को सहयोगी कंपनियों की ओर मोड़ने का आरोप है। जांच एजेंसी का कहना है कि कंपनियों ने विभिन्न खातों के माध्यम से बड़ी रकम का लेन-देन किया और बैंक के नियमों का उल्लंघन किया। सीबीआई के मुताबिक, इन तीनों मामलों में पंजाब नेशनल बैंक को कुल मिलाकर लगभग 191 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। एजेंसी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।