Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

उद्धव ठाकरे को एक और तगड़ा झटका, सांसदों के बाद अब BMC नगरसेवक की सदस्यता खत्म...

June 19, 2026 Source: Bharat Pulse Media

उद्धव ठाकरे को एक और तगड़ा झटका, सांसदों के बाद अब BMC नगरसेवक की सदस्यता खत्म...

Share this article

महाराष्ट्र की राजनीति में जारी उठापटक के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे को एक और बड़ा झटका लगा है। हाल ही में पार्टी के छह सांसदों के अलग होने की खबरों के बीच अब बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में भी उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। पार्टी के नगरसेवक दीपक सावंत की सदस्यता समाप्त कर दी गई है, जिससे बीएमसी में शिवसेना (यूबीटी) के पार्षदों की संख्या 65 से घटकर 64 रह गई है। कांजुरमार्ग के वार्ड क्रमांक 111 से निर्वाचित दीपक सावंत ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित सीट से चुने गए थे। रत्नागिरी जिला जाति प्रमाणपत्र जांच समिति ने उनके ओबीसी प्रमाणपत्र को अमान्य घोषित कर दिया था। इसके बाद मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने गुरुवार को हुई बीएमसी महासभा में उनकी सदस्यता समाप्त होने और सीट रिक्त घोषित किए जाने की जानकारी दी। महापौर ने बताया कि प्रशासन को जाति प्रमाणपत्र जांच समिति का आदेश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार यह कार्रवाई की गई है। इस फैसले के बाद मुंबई की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। वहीं, गोवंडी के वार्ड नंबर 137 से एआईएमआईएम के नगरसेवक शमीर रमजान पटेल के ओबीसी जाति प्रमाणपत्र को भी अहिल्यानगर जिला जाति प्रमाणपत्र जांच समिति ने अमान्य करार दिया है। हालांकि, शमीर पटेल को अदालत से अंतरिम राहत मिल गई है। अदालत ने फिलहाल समिति के आदेश पर रोक लगा दी है, जिसके कारण वह अगले आदेश तक अपने पद पर बने रहेंगे। बीएमसी में हुई इन घटनाओं ने मुंबई की राजनीति को एक बार फिर गर्मा दिया है और आने वाले दिनों में इसका असर स्थानीय सियासत पर देखने को मिल सकता है।