Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

FSSAI की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली-हरियाणा में 6,500 लीटर मिलावटी घी जब्त, फैक्ट्री सील...

June 18, 2026 Source: Bharat Pulse Media

FSSAI की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली-हरियाणा में 6,500 लीटर मिलावटी घी जब्त, फैक्ट्री सील...

Share this article

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दिल्ली और हरियाणा में मिलावटी घी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस छापेमारी में 6,500 लीटर से अधिक संदिग्ध मिलावटी घी और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया गया है। साथ ही कई जगहों पर फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब FSSAI की नजर कुछ ऑनलाइन और प्रिंट विज्ञापनों पर पड़ी, जिनमें बिना वैध लाइसेंस नंबर और सही लेबलिंग के प्रीमियम गाय के घी का प्रचार किया जा रहा था। इसके बाद विभाग ने ग्राहकों के रूप में विक्रेताओं से संपर्क कर उत्पादों के सैंपल एकत्र किए। जांच के लिए इन नमूनों को NABL-मान्यता प्राप्त लैब में भेजा गया, जहां रिपोर्ट में पाया गया कि इनमें तय खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। जांच में वनस्पति तेल और अन्य गैर-दुग्ध पदार्थों की मिलावट की पुष्टि हुई। 17 जून 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान दिल्ली के द्वारका क्षेत्र के धूलसिरस गांव में एक संदिग्ध यूनिट पर छापा मारा गया, जहां से करीब 1,020 लीटर अज्ञात तेल और लगभग 1,500 लीटर मिलावटी घी बरामद हुआ। वहीं हरियाणा के सोनीपत स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी के दौरान 4,000 लीटर से अधिक तैयार मिलावटी घी जब्त किया गया, जो बाजार में सप्लाई के लिए तैयार था। FSSAI ने इस मामले में स्थानीय पुलिस की मदद से FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है। विभाग ने साफ कहा है कि Food Safety and Standards Act, 2006 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे खाद्य उत्पाद खरीदते समय FSSAI लाइसेंस, लेबल और पैकेजिंग की जांच जरूर करें और संदिग्ध उत्पादों की शिकायत तुरंत करें।