Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

वायुसेना अधिकारी की पत्नी से रेप और जबरन धर्मांतरण मामले में तीसरे आरोपी ने किया सरेंडर...

June 18, 2026 Source: Bharat Pulse Media

वायुसेना अधिकारी की पत्नी से रेप और जबरन धर्मांतरण मामले में तीसरे आरोपी ने किया सरेंडर...

Share this article

महाराष्ट्र के नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी के साथ कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जबरन धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले का तीसरा आरोपी मौलाना मजरत मेहमूद मकसूद ने बुधवार देर रात सोनेगांव पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 38 वर्षीय मजरत मेहमूद मकसूद मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश में कई दिनों से जुटी हुई थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए मध्य प्रदेश तक छापेमारी की गई थी। हालांकि वह पुलिस के हाथ नहीं लगा था। अब उसके सरेंडर के बाद पुलिस उससे मामले से जुड़े निकाहनामा और अन्य संभावित कड़ियों के बारे में पूछताछ करेगी। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस उसकी रिमांड की मांग करेगी। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों अय्याज ताज मदारे (26) और आमीन शेख (30) को गिरफ्तार किया जा चुका है। पीड़िता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। उसके मुताबिक, फरवरी 2025 में उसके पुराने सहपाठी अय्याज ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया था। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे बेहोशी की हालत में दुष्कर्म का शिकार बनाया और इस दौरान वीडियो और तस्वीरें भी रिकॉर्ड कर लीं। पीड़िता का कहना है कि इन आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो के आधार पर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल किया गया। साथ ही उसके साथ मारपीट, कथित काला जादू और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का भी प्रयास किया गया। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।