Friday, July 3, 2026
English edition

World

G7 Summit में ट्रंप और पीएम मोदी के बीच दिखी दूरी, बैठक में भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठा...

June 17, 2026 Source: Bharat Pulse Media

G7 Summit में ट्रंप और पीएम मोदी के बीच दिखी दूरी, बैठक में भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठा...

Share this article

फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया। इस दौरान वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत मौजूदगी एक बार फिर देखने को मिली। सम्मेलन के दौरान हुए नेताओं के समूह फोटो में पीएम मोदी पहली पंक्ति में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ नजर आए, लेकिन ट्रंप और मोदी के बीच पहले जैसी नजदीकी दिखाई नहीं दी। हाल के घटनाक्रमों और पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव का असर दोनों नेताओं की बॉडी लैंग्वेज में भी महसूस किया गया। करीब 16 महीने बाद प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की आमने-सामने मुलाकात हुई। दोनों नेता सम्मेलन के दौरान एक-दूसरे के पास बैठे जरूर दिखाई दिए, लेकिन रिश्तों में पहले जैसी गर्मजोशी नजर नहीं आई। G7 की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और समुद्री मार्गों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने हाल ही में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में भारतीय नाविकों की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त की। मोदी ने कहा कि समुद्री व्यापार से दुनिया को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और समुद्री व्यापार में बाधा का असर पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। कई भारतीय नागरिकों की जान भी गई है, इसलिए समुद्री रास्तों को सुरक्षित बनाए रखना बेहद जरूरी है। इस बीच, बुधवार शाम प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि दोनों नेता व्यापार, टैरिफ, निवेश और रणनीतिक साझेदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार सातवीं बार G7 सम्मेलन में अतिथि नेता के रूप में शामिल हुए हैं, जो वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।