India
छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी सुंदरराज पी बने NIA के नए आईजी, केंद्र ने जारी किया आदेश..
June 16, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) के आधार पर यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर अनुरोध किया है कि सुंदरराज पी को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे केंद्र सरकार में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।
सुंदरराज पी को छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के प्रमुख चेहरों में माना जाता है। वे लंबे समय तक बस्तर रेंज के आईजी रहे और उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने नक्सल प्रभावित इलाकों में कई बड़े अभियान चलाए। इन अभियानों से माओवादी संगठन को काफी नुकसान पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली।
उनकी कार्यशैली केवल सुरक्षा अभियानों तक सीमित नहीं रही। उन्होंने खुफिया तंत्र को मजबूत करने, स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने और सड़क तथा विकास कार्यों को गति देने पर विशेष ध्यान दिया। अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उनके कार्यकाल के दौरान बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिसे राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों की बड़ी सफलता माना जाता है। अब NIA में आईजी के रूप में उनकी नियुक्ति को केंद्र सरकार द्वारा उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर जताए गए भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।