Wednesday, July 1, 2026
English edition

India

NEET पेपर लीक मामले में आरोपी यश यादव को कोर्ट से राहत, री-एग्जाम और शादी में जाने की अनुमति...

June 16, 2026 Source: Bharat Pulse Media

NEET पेपर लीक मामले में आरोपी यश यादव को कोर्ट से राहत, री-एग्जाम और शादी में जाने की अनुमति...

Share this article

NEET UG पेपर लीक मामले में आरोपी यश यादव को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने उसे 21 जून को होने वाले NEET UG री-एग्जाम में शामिल होने की इजाजत दी है। इसके साथ ही कोर्ट ने उसे अपनी बहन की शादी में शामिल होने की भी अनुमति दी है। हालांकि, दोनों ही अवसरों पर वह पुलिस कस्टडी में रहेगा और सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर रखेंगी। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि शिक्षा हर नागरिक का मौलिक अधिकार है और किसी भी व्यक्ति को इससे वंचित नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर यश यादव को दोबारा परीक्षा देने की अनुमति दी गई। परीक्षा के दिन पुलिस उसे निर्धारित केंद्र तक लेकर जाएगी और वह निगरानी में परीक्षा देगा। यश यादव ने अदालत से 15 दिनों की अंतरिम जमानत की मांग की थी ताकि वह परीक्षा की तैयारी कर सके और परिवार के कार्यक्रमों में शामिल हो सके। लेकिन पहले की सुनवाई में एडमिट कार्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण फैसला टाल दिया गया था। 16 जून को हुई सुनवाई के बाद कोर्ट ने यह आदेश जारी किया। इससे पहले 2 जून को अदालत ने यश यादव को जेल में रहते हुए NEET UG की तैयारी के लिए किताबें रखने की अनुमति भी दी थी। बचाव पक्ष का कहना था कि यश एक मेधावी छात्र है और उसने 3 मई को परीक्षा दी थी, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया था। इस बहुचर्चित मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यश यादव समेत कई आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई थी, जबकि मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है।