India
दिल्ली है या आग का दरिया? अब कालकाजी में होटल में लगी भीषण आग, फटे 3 सिलेंडर...
June 14, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मालवीय नगर और तुगलकाबाद के बाद रविवार (14 जून 2026) की सुबह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि रेस्टोरेंट में रखे तीन LPG सिलेंडर एक के बाद एक धमाकों के साथ फट गए, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती तौर पर दो वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर और एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट को भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह 5:05 बजे “मेक-4” कॉल घोषित की गई, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को रवाना किया गया। कुल नौ दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, जबकि कूलिंग ऑपरेशन जारी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कई बड़े अग्निकांड हो चुके हैं। 3 जून को मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी होटल में लगी आग में 23 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे। वहीं 11 जून को तुगलकाबाद की एक पांच मंजिला इमारत में लगी आग में तीन लोगों की मौत हो गई थी और आठ लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।