World
जिंदा मिसाइल लेकर 2000 KM चला ऑयल टैंकर, भारत पहुंचते ही हरकत में आई इंडियन नेवी...
June 13, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
भारतीय नौसेना ने एक बेहद संवेदनशील और जोखिम भरे अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए एक बड़े समुद्री हादसे को टाल दिया। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से कोच्चि पहुंचे एक ऑयल टैंकर के भीतर फंसी जिंदा मिसाइल को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 26 मई को ओमान तट के पास MT Olympic नामक ऑयल टैंकर पर हमला हुआ था। हमले के दौरान दागी गई एक मिसाइल विस्फोट नहीं कर सकी और जहाज के बाहरी हिस्से को भेदते हुए उसके फ्यूल टैंक में जाकर फंस गई।
मार्शल आइलैंड के झंडे वाले इस टैंकर ने हमले के बावजूद अपनी यात्रा जारी रखी और अरब सागर में करीब 2,000 किलोमीटर का सफर तय कर सुरक्षित रूप से कोच्चि पहुंच गया। बाद में जहाज के भीतर मिसाइल मौजूद होने की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
गुरुग्राम स्थित इन्फॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर-इंडियन ओशन रीजन (IFC-IOR) से सूचना मिलने के बाद कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान ने एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (EOD) विशेषज्ञों की विशेष टीम को तैनात किया। जांच में पता चला कि मिसाइल का वारहेड कच्चे तेल से भरे फ्यूल टैंक के अंदर गहराई में फंसा हुआ था।
नौसेना के विशेषज्ञों ने अत्यधिक सावधानी के साथ कई चरणों में ऑपरेशन चलाकर पहले मिसाइल के विस्फोटक तंत्र को निष्क्रिय किया और फिर वारहेड तथा उससे जुड़े मलबे को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो यह घटना हाल के वर्षों की सबसे गंभीर समुद्री दुर्घटनाओं में बदल सकती थी। यह ऑपरेशन भारतीय नौसेना की त्वरित प्रतिक्रिया और समुद्री सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।