India
O-Zone क्षेत्र के 15 लाख लोगों को बड़ी राहत, बने मकानों पर नहीं चलेगा बुलडोजर: रेखा गुप्ता...
June 10, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
नई दिल्ली। दिल्ली के ओ-जोन (O-Zone) क्षेत्र में रहने वाले करीब 15 लाख लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में पहले से बने मकानों और पुरानी बस्तियों पर किसी प्रकार की तोड़फोड़ या बुलडोजर कार्रवाई नहीं की जाएगी। दिल्ली सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों को लोगों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद मनोज तिवारी, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक अरविंदर सिंह लवली सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि ओ-जोन क्षेत्र में 91 अनधिकृत कॉलोनियां और करीब एक दर्जन पुराने गांव हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग वर्षों से रह रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र के निवासियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें डरने या घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट के आदेशों और उपलब्ध रिकॉर्ड के अध्ययन से यह सामने आया है कि पुराने और पहले से बने निर्माणों को हटाने का कोई निर्देश नहीं है।
हालांकि, यमुना के फ्लड प्लेन क्षेत्र में वर्तमान में चल रहे नए और अवैध निर्माण कार्यों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ नोटिसों और बोर्डों की भाषा के कारण लोगों में भ्रम और भय का माहौल बना है। इसे देखते हुए उन्होंने डीडीए अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा और नोटिसों की भाषा की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि पुराने मकानों और पहले से बसे परिवारों के हितों की रक्षा करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।