Sunday, July 5, 2026
English edition

World

भारत दौरे पर पहुंचे नेपाल के विदेश मंत्री, फिर दोहराया दावा- ‘कालापानी-लिपुलेख हमारी जमीन’...

June 7, 2026 Source: Bharat Pulse Media

भारत दौरे पर पहुंचे नेपाल के विदेश मंत्री, फिर दोहराया दावा- ‘कालापानी-लिपुलेख हमारी जमीन’...

Share this article

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की। हालांकि, इन उच्चस्तरीय बैठकों के बीच उन्होंने एक बार फिर कालापानी और लिपुलेख क्षेत्र पर नेपाल का दावा दोहराते हुए कहा कि यह इलाका नेपाल की भूमि का हिस्सा है। रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए शिशिर खनाल ने कहा कि नेपाल भारत के साथ सीमा विवाद को उग्र राष्ट्रवाद या बयानबाजी के बजाय आपसी समझ और कूटनीतिक वार्ता के माध्यम से सुलझाना चाहता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बातचीत के जरिए इस मुद्दे का समाधान निकाला जा सकता है। नेपाली विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि अगर भारत और नेपाल खुले दिल, आपसी सम्मान और समझदारी के साथ बातचीत की मेज पर बैठें, तो कोई भी चुनौती ऐसी नहीं है जिसे दोनों देश मिलकर हल न कर सकें। उन्होंने भारत और चीन के बीच कालापानी और लिपुलेख क्षेत्र से जुड़े समझौतों पर भी चिंता जताई और कहा कि नेपाल लंबे समय से इन क्षेत्रों पर अपना दावा करता रहा है। उनके अनुसार, नेपाल की सहमति के बिना इस क्षेत्र से जुड़े किसी भी समझौते को स्वीकार नहीं किया जा सकता। शिशिर खनाल ने भारत की आर्थिक प्रगति और वैश्विक स्तर पर बढ़ती भूमिका की सराहना भी की। इसके अलावा उन्होंने नेपाल में चल रहे Gen Z आंदोलन का उल्लेख किया, लेकिन भारत में चल रहे तथाकथित ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वह इस विषय पर कुछ नहीं कहना चाहेंगे।