Sunday, July 5, 2026
English edition

World

अपने नागरिकों को ही नहीं अपना रहा बांग्लादेश, BSF का जासूस बताकर लौटा रहा वापस...

June 7, 2026 Source: Bharat Pulse Media

अपने नागरिकों को ही नहीं अपना रहा बांग्लादेश, BSF का जासूस बताकर लौटा रहा वापस...

Share this article

पश्चिम बंगाल में बदलते हालात के बीच बड़ी संख्या में अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिक खुद सामने आकर अपनी पहचान उजागर कर रहे हैं और अपने देश लौटने की इच्छा जता रहे हैं। उत्तर 24 परगना जिले की हकीमपुर चेकपोस्ट पर इन दिनों रोजाना सैकड़ों लोग वेरिफिकेशन के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, सीमा सुरक्षा बल (BSF) उन्हें सीधे सीमा पार भेजने के बजाय बायोमीट्रिक जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद होल्डिंग सेंटरों में भेज रही है। BSF अधिकारियों का कहना है कि पहली बार ऐसी स्थिति बनी है, जब अवैध प्रवासियों को खोजने की जरूरत नहीं पड़ रही, बल्कि लोग खुद अपनी पहचान दर्ज कराने के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकांश लोग बांग्लादेश के विभिन्न जिलों से वर्षों पहले भारत आए थे और अब अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। दूसरी ओर, बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BGB) ने आरोप लगाया है कि BSF अवैध प्रवासियों को उनकी सीमा में धकेलने की कोशिश कर रही है। इसके बाद बांग्लादेश ने सीमा पर निगरानी और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। ढाका ने चेतावनी दी है कि एकतरफा कार्रवाई से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ सकता है। स्थिति उस समय और जटिल हो गई, जब कई ऐसे लोगों के सामने आने की खबर मिली जिनके पास न तो बांग्लादेश के वैध दस्तावेज हैं और न ही उनकी पहचान को लेकर स्पष्टता है। कुछ लोगों का दावा है कि BGB उन्हें BSF का जासूस बताकर वापस लौटा रही है। ऐसे प्रवासियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि दोनों देशों ने उन्हें स्वीकार करने से इनकार कर दिया, तो उनका भविष्य क्या होगा।