India
Delhi IGI Airport से Noida International Airport तक बनेगी अंडरग्राउंड टनल, बदल जाएगा पूरे NCR का ट्रैफिक सिस्टम...
June 7, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
Delhi IGI Airport To Noida International Airport Underground Tunnel : दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए एक महत्वाकांक्षी अंडरग्राउंड टनल परियोजना पर काम शुरू हो गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके लिए सर्वेक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रस्तावित सुरंग की शुरुआत मध्य दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम के पास से होगी और यह आईजीआई एयरपोर्ट होते हुए गुरुग्राम तक पहुंचेगी। अगले चरण में इस मार्ग को सराय काले खां तक बढ़ाने की योजना है। यह सुरंग रिंग रोड के नीचे से गुजरेगी और सराय काले खां में इसे सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
इसके बाद चंदावली-जेवर संपर्क मार्ग के जरिए वाहन सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे। इस परियोजना के पूरा होने के बाद आईजीआई एयरपोर्ट और जेवर एयरपोर्ट के बीच लगभग 86 किलोमीटर लंबा बिना किसी रेड लाइट वाला निर्बाध कॉरिडोर तैयार हो जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। तालकटोरा स्टेडियम के पास प्रस्तावित प्रमुख एंट्री प्वाइंट से कनॉट प्लेस, करोल बाग, पटेल नगर और राजेंद्र प्लेस जैसे घनी आबादी वाले इलाकों के लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा के अनुसार, फिलहाल परियोजना के अध्ययन का कार्य प्रारंभिक चरण में है। रूट और अलाइनमेंट तय होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी, जिसमें निर्माण लागत और तकनीकी पहलुओं का पूरा विवरण सामने आएगा।