Saturday, July 4, 2026
English edition

India

पीएम मोदी पहुंचे सूरत के रक्षा निर्माण केंद्र, मेड इन इंडिया टैंक-ड्रोन का किया निरीक्षण ...

June 5, 2026 Source: Bharat Pulse Media

पीएम मोदी पहुंचे सूरत के रक्षा निर्माण केंद्र, मेड इन इंडिया टैंक-ड्रोन का किया निरीक्षण ...

Share this article

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (5 जून) को गुजरात दौरे पर सूरत पहुंचे, जहां उन्होंने हजीरा स्थित लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के अत्याधुनिक आर्म्ड सिस्टम्स कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने ‘मेड इन इंडिया’ टैंक, ड्रोन और अन्य रक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया तथा उनकी कार्यप्रणाली और तकनीकी विशेषताओं की जानकारी ली। यह परिसर देश के प्रमुख रक्षा निर्माण केंद्रों में शामिल है, जहां सेना के लिए बख्तरबंद वाहन, तोप प्रणाली और अन्य सैन्य प्लेटफॉर्म का निर्माण, असेंबली और परीक्षण किया जाता है। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने सूरत में 200 बिस्तरों वाले नए ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा उन्होंने जिले में चल रही औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की। प्रधानमंत्री गुजरात में लगभग 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण करने वाले हैं। इन परियोजनाओं में वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 का उद्घाटन प्रमुख है। इसके साथ ही कई हाईवे, छोटे-बड़े पुल, रेलवे ओवरब्रिज, फ्लाईओवर और 70 अंडरपास भी जनता को समर्पित किए जाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लगभग 4,732 करोड़ रुपये की चार नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी कार्यक्रम का हिस्सा है। प्रधानमंत्री दमन से लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपये की बंदरगाह और पर्यटन विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम को पर्यावरण-अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। शहर में प्रचार बैनर नहीं लगाए गए और कार्यकर्ताओं को साइकिल तथा ई-वाहनों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की अपील की गई। आम नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम ने 450 से अधिक ई-बसों की व्यवस्था की।