India
कॉकरोच जनता पार्टी ने बदली आंदोलन की रणनीति, अभिजीत दीपके की एयरपोर्ट न आने की अपील ...
June 5, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने आगामी आंदोलन को लेकर रणनीति में बदलाव किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, जो फिलहाल अमेरिका में रहते हैं, 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने भारत आ रहे हैं। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार, उनके भारत आगमन पर समर्थकों से एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में स्वागत करने की अपील की गई थी, लेकिन अब इस योजना में बदलाव कर दिया गया है।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि अब समर्थक एयरपोर्ट पर न आएं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके आगमन को लेकर इतना बड़ा उत्साह देखने को मिलेगा, इसलिए उन्होंने भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए यह निर्णय लिया है। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वे सीधे तय किए गए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें ताकि किसी यात्री, आम नागरिक या प्रशासन को किसी तरह की परेशानी न हो।
नए निर्देशों के अनुसार, दीपके एयरपोर्ट से सीधे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाएंगे। वहां से आगे जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति ली जाएगी। इसके बाद ही आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने अपने समर्थकों से कानून-व्यवस्था का पालन करने और पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की है।
यह प्रदर्शन कथित परीक्षा गड़बड़ियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है। पहले दीपके ने छात्रों और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए एयरपोर्ट पर स्वागत का भी आह्वान किया था, लेकिन अब इसे वापस ले लिया गया है।
दीपके ने यह भी आशंका जताई है कि भारत लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी नहीं बल्कि अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर ज्यादा चिंता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है और उनके परिवार को इस विवाद से दूर रखा जाना चाहिए।