Saturday, October 17, 2026
English edition

Sports

गोपीचंद टास्क फोर्स की सिफारिशों पर मंत्रालय का बड़ा कदम, कोचों के लिए बनेगा NCAB ...

June 4, 2026 Source: Bharat Pulse Media

गोपीचंद टास्क फोर्स की सिफारिशों पर मंत्रालय का बड़ा कदम, कोचों के लिए बनेगा NCAB ...

Share this article

नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी और कोच पुलेला गोपीचंद की अगुवाई वाली टास्क फोर्स की सिफारिशों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि देशभर में कोचिंग की गुणवत्ता को एक समान बनाने के लिए नेशनल कोच एक्रेडिटेशन बोर्ड (NCAB) की स्थापना की दिशा में काम चल रहा है। जनवरी में मंत्रालय को सौंपी गई 43 पन्नों की रिपोर्ट में टास्क फोर्स ने कोचों के लिए एक मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने की सिफारिश की थी। प्रस्तावित NCAB को कोचिंग प्रणाली की सर्वोच्च संस्था के रूप में विकसित किया जाएगा, जो कोचों की शिक्षा, मान्यता (एक्रेडिटेशन) और प्रशासन की निगरानी करेगी। मंत्रालय के अनुसार, इसके लिए प्रशासनिक ढांचा तैयार किया जा रहा है। साथ ही राष्ट्रीय कोच रजिस्ट्री, एक्रेडिटेशन पोर्टल और हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी। मंडाविया ने कहा कि भविष्य में कोचिंग को स्पोर्ट्स साइंस से और अधिक जोड़ा जाएगा ताकि आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों का बेहतर उपयोग हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में खाली पड़े 700 से अधिक कोचिंग पदों को इस वर्ष के अंत तक भरने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 250 पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं और ओलंपियन खिलाड़ियों को भी कोचिंग व्यवस्था से जोड़ने के प्रयास जारी हैं। इसके अलावा, मंत्रालय शिलांग में 150 करोड़ रुपये की लागत से हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर (HATC) विकसित कर रहा है। यह केंद्र अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा और एक समय में 450 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण व आवास सुविधा प्रदान करेगा। यहां स्पोर्ट्स साइंस भवन, एथलीट आवास, इनडोर गर्म स्विमिंग पूल और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंत्रालय का मानना है कि यह केंद्र खिलाड़ियों की सहनशक्ति, रिकवरी और प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।