Saturday, July 4, 2026
English edition

India

PCC में हलचल तेज: राहुल गांधी से मिले अमितेश शुक्ल, संगठन पर हुई अहम चर्चा ....

June 3, 2026 Source: Bharat Pulse Media

PCC में हलचल तेज: राहुल गांधी से मिले अमितेश शुक्ल, संगठन पर हुई अहम चर्चा ....

Share this article

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राजनीति में उस समय नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब प्रदेश कांग्रेस संगठन में बदलाव और नई नियुक्तियों को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस में संभावित संगठनात्मक फेरबदल और कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की चर्चाओं के बीच इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि अमितेश शुक्ल ने मुलाकात को सामान्य बताया है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार और शुक्ल परिवार के बीच लंबे समय से पारिवारिक संबंध रहे हैं। काफी समय से मुलाकात नहीं हो पाई थी, इसलिए वे राहुल गांधी से मिलने गए थे। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न विषयों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई तथा उन्होंने अपनी जानकारी और सुझाव राहुल गांधी के साथ साझा किए। अमितेश शुक्ल ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें कोई नई जिम्मेदारी सौंपता है, तो वे उसे निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा और तेज हो गई है कि आगामी दिनों में उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका मिल सकती है। फिलहाल कांग्रेस संगठन में संभावित बदलावों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और अमितेश शुक्ल की राहुल गांधी से हुई मुलाकात को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।