Saturday, July 4, 2026
English edition

India

सलीम डोला ड्रग्स केस में ED का बड़ा एक्शन, मुंबई-गुजरात के 20 ठिकानों पर रेड ...

June 2, 2026 Source: Bharat Pulse Media

सलीम डोला ड्रग्स केस में ED का बड़ा एक्शन, मुंबई-गुजरात के 20 ठिकानों पर रेड ...

Share this article

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम इस्माइल डोला और उसके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मुंबई और गुजरात में स्थित करीब 20 ठिकानों पर एक साथ की गई। ईडी के अनुसार, हाल ही में तुर्किये से भारत लाए गए सलीम डोला के खिलाफ चल रही जांच के तहत यह छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि सलीम डोला का संबंध अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के नेटवर्क से रहा है और वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। जांच के दौरान ईडी की नजर उन लोगों पर भी है जो ड्रग्स कारोबार से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। इनमें ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों के सप्लायर, सिंथेटिक ड्रग मेफेड्रोन (एमडी) के निर्माता और तस्कर, हवाला ऑपरेटर, बिचौलिए तथा ड्रग्स से अर्जित धन से खरीदी गई बेनामी संपत्तियों से जुड़े व्यक्ति शामिल हैं। प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि यह नेटवर्क केवल भारत तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार कई देशों तक फैले हुए थे। एजेंसी के अनुसार, यह पूरा रैकेट हजारों करोड़ रुपये के अवैध ड्रग कारोबार से जुड़ा हुआ है। मामले की जांच प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत की जा रही है। ईडी की जांच में एक संगठित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के संकेत मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अपराध से अर्जित धन को हवाला चैनलों के जरिए विभिन्न स्थानों पर भेजा जाता था ताकि उसकी वास्तविक पहचान और स्रोत को छिपाया जा सके। छापेमारी के दौरान एजेंसी वित्तीय दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल डिवाइस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करी और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के कई अहम राज सामने आ सकते हैं। मामले में आगे भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।