Thursday, July 16, 2026
English edition

Sports

क्रिकेट का नया सुपरस्टार बना बिहार का वैभव सूर्यवंशी, IPL 2026 में रचे कई बड़े कीर्तिमान

June 1, 2026 Source: Bharat Pulse Media

क्रिकेट का नया सुपरस्टार बना बिहार का वैभव सूर्यवंशी, IPL 2026 में रचे कई बड़े कीर्तिमान

Share this article

आईपीएल 2026 का समापन हो चुका है और इस बार खिताब पर रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी ने लगातार दूसरी बार कब्जा जमाया। हालांकि पूरे टूर्नामेंट में जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, वह बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। मात्र 15 वर्ष की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा, जो इस सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में से एक माना जा रहा है। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए। खास बात यह रही कि उनकी पिछली दो पारियों में वह शतक के बेहद करीब पहुंचकर 97 और 96 रन पर आउट हुए। इस सीजन वैभव ने कुल 72 छक्के जड़े, जो आईपीएल इतिहास में एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे अधिक छक्कों का रिकॉर्ड बन गया। इसके अलावा उन्होंने 63 चौके भी लगाए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 35 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और बेहतरीन स्ट्राइक रेट के लिए टाटा सिएरा कार भी प्रदान की गई। आईपीएल 2026 के समापन समारोह में वैभव को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्होंने मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे बड़े सम्मान अपने नाम किए। पुरस्कार समारोह के दौरान पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर रवि शास्त्री से बातचीत में वैभव ने अपने मजाकिया अंदाज से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि वह आजकल दूध नहीं पी रहे हैं। वहीं अपनी बल्लेबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि हर मैच अलग होता है और उसी के अनुसार रणनीति बनानी पड़ती है। वैभव ने भविष्य में टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा भी जाहिर की। उनका कहना है कि उन्हें रेड बॉल क्रिकेट पसंद है और वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय टीम के सपोर्ट स्टाफ, वरिष्ठ खिलाड़ियों और टीम के सकारात्मक माहौल को दिया। वैभव के अलावा बिहार के अन्य खिलाड़ियों ने भी आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। मुकेश कुमार ने दिल्ली के लिए 10 मैचों में 17 विकेट लिए, जबकि साकिब हुसैन ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 11 मैचों में 15 विकेट हासिल किए। वहीं केकेआर के ऑलराउंडर अनुकूल राय ने 14 मैचों में 9 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की। इस तरह आईपीएल 2026 बिहार के खिलाड़ियों के लिए यादगार सीजन साबित हुआ।