Entertainment
Pankaj Bhadouria की भावुक अपील, कैंसर की खबर के बाद फैंस कर रहे जल्द ठीक होने की दुआ
May 29, 2026 Source: Bharat Pulse Media
Share this article
‘मास्टरशेफ इंडिया’ (MasterChef India) की पहली विजेता और मशहूर सेलिब्रिटी शेफ Pankaj Bhadouria इस समय जिंदगी के बेहद कठिन दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को बताया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। इस खबर के सामने आते ही उनके चाहने वालों, टीवी इंडस्ट्री और कई सेलिब्रिटीज के बीच चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
28 मई को पंकज भदौरिया ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अस्पताल से कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए। इन तस्वीरों में वह अस्पताल के बेड पर नजर आ रही हैं और उनके शरीर पर मेडिकल वायर भी दिखाई दे रहे हैं। हमेशा मुस्कुराती और लोगों को स्वादिष्ट रेसिपी सिखाने वाली पंकज को इस हालत में देखकर उनके फैंस काफी भावुक हो गए।
अपने पोस्ट में पंकज ने लिखा कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है और इस मुश्किल समय में उन्हें सभी की दुआओं और सपोर्ट की जरूरत है। उनका यह छोटा लेकिन भावुक संदेश लाखों लोगों के दिल को छू गया। इसके अलावा उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह मेडिकल जांच के लिए जाती दिखाई दीं। वीडियो में उन्होंने लिखा कि वह जांच के लिए जा रही हैं और बिल्कुल खुश नहीं हैं।
पंकज ने अपने फैंस से खास अपील करते हुए कहा कि उनके फॉलोअर्स केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका एक बड़ा परिवार हैं। इसी वजह से उन्होंने अपनी जिंदगी की इतनी बड़ी बात सबसे पहले अपने चाहने वालों के साथ साझा की।
बहुत कम लोग जानते हैं कि मास्टरशेफ बनने से पहले पंकज भदौरिया लखनऊ के एक प्रतिष्ठित स्कूल में अंग्रेजी की शिक्षिका थीं। उन्होंने करीब 16 साल तक टीचर के रूप में काम किया। हालांकि, खाना बनाने का जुनून उन्हें हमेशा नई पहचान की ओर खींचता रहा। साल 2010 में जब ‘मास्टरशेफ इंडिया’ का पहला सीजन शुरू हुआ, तब उन्होंने अपनी सुरक्षित नौकरी छोड़कर शो में हिस्सा लेने का फैसला किया। उनकी शानदार रेसिपी और आत्मविश्वास ने जजों का दिल जीत लिया और वह शो की पहली विजेता बनीं।
मास्टरशेफ का खिताब जीतने के बाद पंकज भदौरिया ने टीवी और डिजिटल दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने ‘शेफ पंकज का जायका’, ‘किफायती किचन’, ‘3 कोर्स विद पंकज’ और ‘रसोई से – पंकज भदौरिया के साथ’ जैसे कई लोकप्रिय कुकिंग शोज होस्ट किए। इसके अलावा अपने यूट्यूब चैनल और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए उन्होंने लाखों लोगों को आसान और स्वादिष्ट रेसिपी बनाना सिखाया।
अब उनके फैंस और करीबी यही दुआ कर रहे हैं कि पंकज इस मुश्किल लड़ाई को जल्द जीतकर फिर से पहले की तरह मुस्कुराती नजर आएं।