Sunday, July 5, 2026
English edition

India

चलती ट्रेन में मिला करोड़ों से भरा बैग, नोटों की गड्डियां देख पुलिस के उड़े होश

May 28, 2026 Source: Bharat Pulse Media

चलती ट्रेन में मिला करोड़ों से भरा बैग, नोटों की गड्डियां देख पुलिस के उड़े होश

Share this article

हैदराबाद में एक चलती ट्रेन से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद होने के बाद रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सिकंदराबाद रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त कार्रवाई में देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहे एक व्यक्ति के पास से 1.22 करोड़ रुपये कैश बरामद किए गए। इतनी बड़ी रकम बैग में नोटों की गड्डियों के रूप में मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। जानकारी के मुताबिक यह घटना मंगलवार की है, जब सिकंदराबाद रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम बोलारम और मलकाजगिरि रेलवे स्टेशनों के बीच नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध यात्री पर पड़ी। करीब 40 वर्षीय व्यक्ति अपने साथ एक बैग लिए हुए था और उसकी गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की और फिर उसके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग के अंदर बड़ी मात्रा में नकदी मिली। जब नोटों की गिनती की गई तो रकम 1 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये निकली। नकदी को तुरंत जब्त कर लिया गया। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति महाराष्ट्र के अमरावती जिले का रहने वाला है और देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन की एस-6 कोच में बर्थ नंबर 71 पर सफर कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुंबई के एक ज्वेलरी कारोबारी ने उसे यह रकम सिकंदराबाद के मोंडा मार्केट इलाके में मौजूद एक अन्य ज्वेलरी कारोबारी तक पहुंचाने के लिए दी थी। इस काम के बदले उसे केवल 5 हजार रुपये मिलने वाले थे। हालांकि जब पुलिस ने नकदी से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। रेलवे पुलिस की उप-अधीक्षक देबा स्मिता सी. बनर्जी के अनुसार डिवीजनल क्राइम प्रिवेंशन टीम ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। जांच एजेंसियों को शक है कि मामला हवाला कारोबार या अवैध लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। इसी वजह से पूरी रकम को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया है। अब आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि आखिर इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और अवैध नकदी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच में जुटी हुई है।